Uncategorized

मूसलाधार बारिश से नारायणपुर-कोंडागांव मुख्य मार्ग ठप, रविवार को आवागमन सुचारु

क्षेत्र में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। शनिवार सुबह से नारायणपुर कोंडागांव मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर आ गए थे। पानी सड़क पर आने से इस प्रमुख मार्ग पर यात्री बसों, मालवाहक वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रही।

नारायणपुर और कोंडागांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ा। यात्री और अन्य वाहन छेरीबेड़ा से बड़ेडोंगर होते हुए कोंडागांव नारायणपुर के बीच आवाजाही करते रहे।

हालांकि वैकल्पिक मार्ग से दूरी बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश और नदी-नालों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया था। पुलिस की टीम भी आसपास के क्षेत्रों में मौजूद नदी और रपटों की स्थिति पर नजर रखे रही।

पुलिस जवानों ने लोगों को उफनती नदी और रपटे को पार नहीं करने की हिदायत दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

शनिवार दिन-रात मार्ग बंद रहा, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई।

बारिश थमने और जलस्तर कम होने के बाद रविवार को नारायणपुर कोंडागांव मुख्य मार्ग पर आवागमन दोबारा सुचारु हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button