Uncategorized

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले रविवार को जशपुर के 23 बैंकों में सामान्य कामकाज

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सोमवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय हड़ताल से पहले रविवार को जशपुर जिले के 23 बैंकों में सामान्य दिनों की तरह ही कामकाज होगा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक समीर कुमार ने बताया कि रविवार को बैंक में सामान्य दिनों की तरह कार्य होगा।

जिले के 23 बैंकों के 97 ब्रांचों में अधिकारी व कर्मचारी ग्राहकों के लिए लेन-देन का काम निपटाएंगे। उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधन ने सोमवार से सार्वजनिक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए यह व्यवस्था की है।

उल्लेखनीय है कि पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने सोमवार 28 सितंबर से बुधवार 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान देश भर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रहेंगे।

हड़ताल से पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा। ऐसे में रविवार को अवकाश होने से बैंकों में पांच दिन तक ताला लटकने की स्थिति बन गई थी। इससे बैंकों से होने वाले लेन-देन प्रभावित होने के साथ ही ग्राहकों को असुविधा होने की स्थिति बन गई थी। इससे राहत देने के लिए रविवार को बैंकों में कामकाज संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

एसबीआई के शाखा प्रबंधक समीर कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान सार्वजनिक बैंक बंद रहेंगे। लेकिन इस दौरान लोग एटीएम और यूपीआई के माध्यम से अपने जरूरी लेन-देन जारी रख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी 23 बैंकों के एटीएम में कैश की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। कैश आपूर्ति करने वाली कंपनी को तीन दिन के दौरान कैश आपूर्ति करने के साथ ही बैंकों के प्रबंधकों के साथ भी चर्चा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button