Uncategorized

बालोद में युवक ने हंसिया से गला और हाथ काटकर की आत्महत्या की कोशिश, रायपुर रेफर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक युवक ने हंसिया से अपना गला और हाथ काटकर आत्महत्या की कोशिश की। युवक घर से हंसिया लेकर करीब 6 किलोमीटर दूर पड़ोसी गांव पहुंचा, जहां पेट्रोल पंप के पास वह लहूलुहान हालत में मिला। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

युवक ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक कुछ दिनों से मेंटली डिस्टर्ब था। मामला हल्दी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम नरेंद्र रावटे (27) है, जो भेड़िया नवागांव का रहने वाला है और मजदूरी करता है। ग्रामीणों के मुताबिक, नरेंद्र 21 सितंबर की सुबह गांव की नाई दुकान में सेविंग बनवाते देखा गया था। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे वह साइकिल से हंसिया लेकर घर से निकला था।

शाम करीब 5 बजे वह पड़ोसी गांव बेलौदी (हल्दी) के पेट्रोल पंप के पास लहूलुहान हालत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और हल्दी चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को समझाया और उसके हाथ से हंसिया लिया। इसके बाद उसे वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया।

प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अब नरेंद्र की हालत खतरे से बाहर है।

जनपद सदस्य सतीश भेड़िया और सरपंच लुमन कुमार साहू ने बताया कि नरेंद्र मजदूरी करता है। वह गांव के युवाओं के साथ छत ढलाई के काम पर जाता था। उसके पिता बालचरण रावटे किसान हैं। नरेंद्र की दो बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी नहीं हुई है।

ASP चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि युवक के धारदार हथियार से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश करने की सूचना मिली थी। हल्दी चौकी और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गलत कदम उठाने से रोका और अस्पताल पहुंचाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button