नगर निगम सामान्य सभा: 28 पार्षद उठाएंगे 56 सवाल, प्रश्नकाल में हंगामे के आसार

बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा 25 सितंबर को लखीराम अग्रवाल आडिटोरियम में आयोजित होगी। इस सभा में 28 पार्षद कुल 56 सवाल उठाएंगे। निगम के 70 पार्षदों और एल्डरमैनों की ओर से सवाल पूछे जाएंगे। सभापति विनोद सोनी ने सामान्य सभा बुलाई है।
पार्षदों द्वारा उठाए जाने वाले सवालों में जनहित से जुड़ी बातें कम और व्यक्तिगत जानकारियां हासिल करने की कोशिश अधिक है। इसके अलावा सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का नियमित न होना, अवैध प्लाटिंग, सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण और वार्डों की उपेक्षा के सवाल भी शामिल हैं।
वार्ड क्रमांक तीन की पार्षद किरण टंडन स्मार्ट सिटी के अर्थ, अब तक पूरे हुए कामों, ट्रैफिक व्यवस्था की खराब स्थिति, फुटपाथ पर अवैध कब्जा, अवैध निर्माण और इनके खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई पर सवाल रखेंगी।
सामान्य सभा से पहले सभी विभागों के अधिकारियों को पार्षदों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्षद सामान्य सभा से सप्ताह भर पहले ही अपने प्रश्न तैयार कर नगर निगम सचिव के समक्ष सभापति के नाम से सौंपते हैं, ताकि सभा से पहले जवाब तैयार किया जा सके।
निगम की सामान्य सभा में प्रश्नकाल का पहला घंटा काफी मायने रखता है। इस एक घंटे के दौरान पार्षद अपने वार्ड और शहर में लटके हुए विकास कार्यों से संबंधित सवालों की झड़ी लगाते हैं। इस पहले घंटे में जमकर हंगामा होता है। पूछे गए प्रश्नों के अवलोकन से साफ है कि इस बार भी सभा का पहला घंटा हंगामे से भरा रहेगा।
पहले घंटे में पक्ष-विपक्ष के बीच विरोध कम देखा जाता है। अक्सर पूछे गए सवालों को लेकर कई बार पक्ष-विपक्ष मिलकर हंगामा करते हैं, क्योंकि पार्षद भाजपा का हो या कांग्रेस का, उनके वार्ड में समस्या रहती है और वार्डवासियों का सामना उन्हें करना पड़ता है, ऐसे में अधूरे कार्यों को पूरा कराने का प्रयास रहता है।
सवाल करने वाले पार्षदों में नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, पुष्पेंद्र साहू, बंधू मौर्य, मोतीलाल गंगवानी, योगेश बोले, सुनील सोनकर, मनोरमा यादव, प्रीतेश कुमार सोनी, रीता कश्यप, लक्ष्मी यादव, रानी देवांगन, मनहरण लाल कौशिक, किरण टंडन, दिलीप पाटिल, मोहन श्रीवास, इब्राहिम खान, कमला पटेल, राजेश दूसेजा, संतोषी बघेल, मोहम्मद आजम, कुसुम कोशले, दिलीप कोरी, सीमा सिंह, सूर्य किशोर राज, अंचल दुबे, हेमंत मरकाम, कार्तिक यादव, अनिता कश्यप, अमित भारते और जय वाधवानी शामिल हैं।




