Uncategorized

पार्किंग विवाद के बाद थार और बाइक में आग, दो आरोपितों पर मामला दर्ज

बिलासपुर के दयालबंद में गाड़ी पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने पहले शराब पीने के लिए पैसे मांगे और नहीं देने पर वाहन जलाने की धमकी दी। इसके कुछ घंटे बाद उसकी धमकी सच साबित हुई। आरोप है कि युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर निर्माण कारोबारी की थार और उसके साथी की बाइक में आग लगा दी। घटना में दोनों वाहनों को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जूना बिलासपुर निवासी मुकेश देवांगन (45) ने पुलिस को बताया कि वह कंस्ट्रक्शन का काम करता है। दयालबंद निवासी सौरभ पनिकर उसका पार्टनर है। 15 सितंबर की रात करीब आठ बजे गणेश पंडाल के कारण घर के पास पार्किंग नहीं होने पर उसने अपनी महिंद्रा थार सौरभ के कार्यालय के सामने खड़ी की थी। इस दौरान प्रियांशु पनिकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पार्किंग के नाम पर पैसे मांगने लगा।

मुकेश ने पैसे देने से मना किया तो आरोपित ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे और वाहन जला देने की धमकी दी। तड़के करीब 4:15 बजे मुकेश को ऋषभ पनिकर ने फोन कर बताया कि प्रियांशु और उसके साथी शिव ने थार का कांच तोड़कर उसमें आग लगा दी है। इसी दौरान राम गोयल की बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दोनों को वाहन जलाते देखने की बात बताई है।

पीड़ितों ने थार में करीब 2.50 लाख और बाइक में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान बताया है। पुलिस ने प्रियांशु पनिकर और शिव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक विवाद के दौरान प्रियांशु ने मुकेश को धमकाते हुए कहा था कि शराब पीने के लिए रुपये नहीं दिए तो उसकी गाड़ी जला देगा। राम गोयल ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उससे भी गाली-गलौज की गई। आरोपित ने राम गोयल के घर में आग लगाने की धमकी भी दी। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।

देर रात करीब 4:15 बजे वाहन जलाने की सूचना मिलने पर मुकेश मौके पर पहुंचा। वहां थार और बाइक जली हुई मिलीं। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।

पुलिस के अनुसार, प्रियांशु पनिकर का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ थाने में कई प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकार्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

वाहन जलाने की घटना में उसके साथ शिव की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश के साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। शिकायत में थार और बाइक को जानबूझकर आग लगाने से हुए नुकसान का भी उल्लेख किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button