बलौदाबाजार में सड़क सुरक्षा पर सख्ती:NH किनारे से हटेगा अतिक्रमण, ब्लैक स्पॉट पर जोर, 3 बार वाहन लाइसेंस सस्पेंड तो होगा निरस्त

![]()
बलौदाबाजार जिले में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन अब सख्ती बरतने की तैयारी में है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें NH-130 और NH-130B के किनारे से अतिक्रमण हटाने, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा बढ़ाने और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई का फैसला लिया गया। कलेक्टर ने एनएच किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई के दौरान सख्ती के साथ संवेदनशीलता बरतने को कहा। सड़क पर मवेशी मिले तो होगी कार्रवाई कलेक्टर ने NHAI अधिकारियों को हाईवे से मवेशियों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। 3 बार लाइसेंस सस्पेंड तो होगा कैंसिल बैठक में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर भी सख्ती का फैसला लिया गया। कलेक्टर ने परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों का लाइसेंस तीन बार निलंबित हो चुका है, उनका लाइसेंस निरस्त किया जाए। पुलिस और परिवहन विभाग को लगातार वाहनों की जांच कर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ओवरलोड वाहनों पर संयुक्त जांच निर्माणाधीन सड़कों और पुलियों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। निर्माण स्थलों पर रेडियम पट्टी और सुरक्षा संकेतक लगाने को कहा गया। वहीं, ओवरलोडिंग करने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई के लिए खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम जांच अभियान चलाएगी। हादसे में घायलों की जान बचाने वाले 5 लोग सम्मानित बैठक के दौरान सड़क हादसों में घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले 5 राहगीरों को सम्मानित किया गया। प्रशासन ने उनके प्रयासों को दूसरों के लिए प्रेरणादायक बताया। सम्मानित होने वालों में कसडोल के विष्णु साहू, सिमगा के पुनीत राम, परदेशी राम सोनकर, मनीष निषाद और हथबंद के लोकेश साहू शामिल हैं। NHAI की ओर से सभी को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी गई। बैठक में एसपी गौरव राय, डीएफओ पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते समेत पुलिस, परिवहन, राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link




