निगम का नोटिस चस्पा करने पहुंचे राजस्व निरीक्षक से मारपीट:रायपुर में सरकारी काम में बाधा डालने पर युवक के खिलाफ FIR

![]()
रायपुर में नगर निगम के राजस्व निरीक्षक के साथ सरकारी कार्य के दौरान कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर के अनुसार, सहायक राजस्व निरीक्षक तरुण राय 24 जुलाई को दोपहर करीब 2:45 बजे ब्राह्मणपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले लल्ला शर्मा को संपत्तिकर बकाया का डिमांड नोटिस तामील कराने पहुंचे थे। नोटिस लेने से किया इनकार, दीवार पर चस्पा करने पर हुआ विवाद शिकायत में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद राजस्व निरीक्षक ने नियमानुसार नोटिस घर की दीवार पर चस्पा करने का प्रयास किया। इसी दौरान गुलशन शर्मा वहां पहुंच गया और सरकारी काम में बाधा डालते हुए नोटिस चस्पा नहीं करने दिया। एफआईआर में आरोप है कि आरोपी ने राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। 55 हजार रुपए से ज्यादा संपत्तिकर बकाया शिकायत के मुताबिक, संबंधित संपत्ति पर 55,859 रुपए का संपत्तिकर बकाया है। इसी की वसूली के लिए निगम की ओर से डिमांड नोटिस जारी किया गया था। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 296, 351(2) सहित सरकारी कार्य में बाधा डालने से जुड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link




