फेसबुक पोस्ट पर पीएम मोदी को गाली दी, FIR दर्ज:भाजपा-भाजयुमो कार्यकर्ताओं का थाने में प्रदर्शन, पटवारी के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई

![]()
सरगुजा में फेसबुक पोस्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई और थाना परिसर में नारेबाजी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी फेसबुक यूजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी एक पटवारी है। जानकारी के अनुसार, फेसबुक यूजर शुभांकर पांडेय ने दिल्ली प्रदर्शन को लेकर एक पोस्ट की थी। 22 जुलाई को इस पोस्ट पर विकास सिन्हा नाम के यूजर ने प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करते हुए इस्तीफे की मांग की। पोस्ट का स्क्रीनशॉट भाजपा के ग्रुप में वायरल होने के बाद भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी फेसबुक यूजर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाने में नारेबाजी, पुलिस ने दर्ज की FIR भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पटवारी विकास सिन्हा के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एल्डरमैन पार्षद शरद सिन्हा की रिपोर्ट पर विकास सिन्हा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि एक शासकीय कर्मचारी की ओर से इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना अनुचित है। उन्होंने आरोपी पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रदर्शन में वेदांत तिवारी, मनोज सोनी, अंशुल श्रीवास्तव, मयंक जायसवाल, दीपक यादव सहित भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link




