मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर पंचायत सचिव निलंबित:मुंगेली में सीसी रोड और जल निकासी में लापरवाही मिली, कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई

![]()
मुंगेली में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन ने पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलदहा के पंचायत सचिव भूपत राजपूत को निलंबित कर दिया है। सीसी रोड निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर यह कार्रवाई कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर की गई। ग्राम सिलदहा निवासी मनोज वर्मा और अजय राजपूत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर बताया था कि स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। जांच में शिकायत सही मिली कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले की जांच कराई। जांच के दौरान पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जांच में पाया गया कि स्वीकृति के बावजूद सड़क निर्माण नहीं कराया गया और अधिकारियों के निर्देशों की भी अनदेखी की गई। तत्काल प्रभाव से निलंबन जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने पंचायत सचिव भूपत राजपूत को गंभीर लापरवाही और छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1999 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया रहेगा। दूसरे सचिव को मिला अतिरिक्त प्रभार प्रशासन ने ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है, ताकि पंचायत का कामकाज प्रभावित न हो। कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link




