.
सालों से थानों में कबाड़ हालत में खड़े वाहनों की नीलामी शुरू हो गई है। अब तक 797 वाहनों की ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से नीलामी हो चुकी है। ये वो वाहन हैं, जिन्हें लावारिश हालत में जब्त किया गया था। हैरानी की बात यह है कि ये वाहन 15 साल पुराने हैं।
बाकायदा नीलामी के पहले प्रशासन ने वाहनों के मालिकाना हक के लिए इश्तेहार जारी किया था। किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई तो नीलामी की गई। अब तक जिन वाहनों की नीलामी की गई है, उनमें ऑनलाइन वाहन, नशा तस्करी में शामिल 17 और पशु तस्करी में शामिल 3 वाहनों की भी नीलामी की गई है। अब तक की नीलामी 8 लॉट में की गई है। दो दिन पहले करीब 2 सौ वाहनों की नीलामी की गई। जानकारी के मुताबिक अब तक की नीलामी से करीब 70 लाख रुपए शासन के खाते में जमा हो चुके हैं। अफसरों ने बताया कि जिले में 1866 वाहन चयनित किए गए हैं। इन सभी वाहनों की नीलामी होना है। वाहनों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल एमएसटीसी में अपलोड कर दी गई हैं। पशु तस्करी में शामिल वाहनों की नीलामी 6.23 लाख में हुई हैं। वहीं एनडीपीएस के प्रकरणों में लिप्त 17 वाहनों की नीलामी 26.58 लाख में हुई है। एनडीपीएस से जुड़े कुल 62 वाहनों की नीलामी होना हैं। इसी तरह 797 वाहनों को सौ-सौ के लॉट में नीलाम किया गया है।
<
