कोंडागांव जिले में 21 दिसंबर को पल्स पोलियो कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 76,188 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जिले को बाल लकवा मुक्त बनाए रखा जा सके।
.
जिला कलेक्टर नूपूर राशि पन्ना के निर्देश और मुख्य चिकित्सा-स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी के नेतृत्व में अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में 779 पोलियो बूथ किए गए स्थापित
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में 779 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर 1,559 स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है, वहीं निगरानी के लिए 83 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

छूटे बच्चों के लिए ट्रांजिट और मोबाइल टीमें सक्रिय
छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 6 ट्रांजिट टीमें और 3 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें बाजारों, ईंट-भट्टों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं।
तीन दिनों तक चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के प्रथम दिवस 21 दिसंबर को बच्चों को पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद 22 और 23 दिसंबर को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाती हैं, जो बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं।
जिला प्रशासन की नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जिले के सभी नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे 21 दिसंबर को अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। इससे जिले को बाल लकवा मुक्त बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।
<
