Uncategorized

6 साल की बहन ने मोहल्ले को बताई भाई पर मारपीट, पुलिस ने मां और सौतेले पिता को दबोचा

रायपुर के पंडरी स्थित तरुण नगर लोधी पारा में 3 साल के एक बच्चे के साथ उसकी मां और सौतेले पिता ने बेरहमी से मारपीट की है। बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर आ गया है, जिसके कारण उस पर प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। चोट के कारण उसकी आंख बुरी तरह सूज गई है। इसके अलावा बच्चे की पीठ पर सिगरेट से दागने के निशान भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8: 30 बजे बच्चे की 6 साल की बहन लक्ष्मी ने मोहल्ले के लोगों को अपने छोटे भाई के साथ हो रही मारपीट की जानकारी दी। इसके बाद बस्ती के लोगों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बच्चे के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं। उसके हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ है और बाईं आंख में भी सूजन है। आरोप है कि बच्चे को सौतेला पिता राजा पीटता था, लेकिन मां अन्नू देवी उसे नहीं रोकती थी। बच्चे के साथ पहले भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया है कि मां बच्चों के साथ कथित मारपीट को रोकने के लिए कुछ नहीं करतीं। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि पुलिस कार्रवाई के डर से किराए के मकान में रहने वाला परिवार कहीं और जा सकता है। उन्होंने पुलिस से बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराने और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश करने की मांग की है। साथ ही बच्चे को सुरक्षित बाल गृह में रखने की अपील की है, जिससे उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने मामले में किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) व 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने मां अन्नू देवी और सौतेले पिता राजा के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button