छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बाघ के शिकार मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से बाघ के अंग बरामद किए गए हैं। डीएफओ डीपी साहू के मुताबिक, सभी आरोपी भैसामुंडा कैलासपुर के रहने वाले हैं।
.
इस मामले में पुलिस ने भैसामुंडा की सरपंच सिस्का कुजूर (37 साल) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सरपंच के पास से दो बाघ के नाखून और बाघ के बाल बरामद किए गए हैं। बाघ की मौत के मामले में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें 15 दिन के न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर जेल भेज दिया गया है।

15 दिसंबर को हुई थी बाघ की मौत
दरअसल, सूरजपुर के गुरु घासीदास-तैमोर-पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र में सोमवार (15 दिसंबर) को एक बाघ मृत हालत में मिला था। अगले दिन वन विभाग की निगरानी में बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
बाघ की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि बाघ के नाखून और दांत गायब मिले। बाघ के जबड़े और पीठ में जलने के निशान मिले थे। हाईकोर्ट ने इस मामले में मीडिया रिपोर्ट को जनहित याचिका मानकर सुनवाई शुरू की है।

हाईकोर्ट ने PCCF से मांगा जवाब
सूरजपुर में बाघ के शिकार को लेकर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने मंगलवार (16 दिसंबर) को सुनवाई की। इस दौरान राज्य शासन और वन विभाग से पूछा है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर क्या इंतजाम किए गए हैं।
आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या प्लानिंग की गई है। डिवीजन बेंच ने इस संबंध में पीसीसीएफ को व्यक्तिगत शपथपत्र के साथ जवाब देने कहा है।
<
