18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या:देवी प्रतिमा आने के बाद नाचने की बात पर विवाद की आशंका, आरोपी की तलाश में पुलिस

राजधानी में हत्या की एक और वारदात सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास 18 वर्षीय युवक गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक महात्मा गांधी नगर का निवासी था। घटना शनिवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नाचने की बात पर विवाद की आशंका जानकारी के मुताबिक, रात में गौरव पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान क्या हुआ और विवाद किस बात पर शुरू हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हमले की वजह का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, माता की प्रतिमा आने के बाद नाचने की बात पर विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी अजहरुद्दीन ने बताया कि महात्मा गांधी नगर निवासी 18 वर्षीय गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या की गई है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय गौरव के साथ कौन मौजूद था और किन परिस्थितियों में उस पर हमला किया गया।




