![]()
सूरजपुर जिले की सिलफिली सब्जी मंडी में वर्षों पुरानी दो बड़ी समस्याओं का समाधान हो गया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की पहल पर मंडी परिसर में खतरनाक स्थान पर लगे ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किया गया है, वहीं बंद पड़ा सार्वजनिक शौचालय भी दोबारा शुरू कर दिया गया है। इन दोनों कामों के पूरा होने से व्यापारियों, महिलाओं और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। अचानक निरीक्षण में सामने आई थी परेशानी 10 मई को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सिलफिली गांव के बाजार का अचानक निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों, महिला व्यापारियों और राहगीरों ने मंडी की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। सबसे बड़ी समस्या मंडी के मुख्य रास्ते पर लगे ट्रांसफार्मर की थी। व्यापारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर की वजह से रास्ता संकरा हो गया था और रोजाना हादसे का खतरा बना रहता था। मंडी में भीड़, सब्जी ठेले और स्कूली बच्चों की आवाजाही के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती थी। इसके अलावा, मंडी परिसर का सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद पड़ा था, जिससे खासकर महिला दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौके पर बुलाए गए अधिकारी निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बिजली विभाग के एसडीओ, नगर पंचायत अधिकारियों और पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों को मौके पर बुलाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट और समाधान प्रस्तुत करने को कहा गया था। व्यापारियों ने जताया आभार सिलफिली मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से कई जनप्रतिनिधियों को आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मंत्री के हस्तक्षेप के बाद महज 10 दिनों में दोनों समस्याएं दूर हो गईं। उनके मुताबिक, मंडी में ग्राहकों की संख्या भी करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। महिला दुकानदारों को मिली राहत महिला सब्जी विक्रेता सुनीता बाई ने बताया कि शौचालय बंद होने की वजह से महिला दुकानदारों को करीब एक किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब मंडी में ही साफ-सुथरी सुविधा उपलब्ध होने से काफी राहत मिली है।
<
