![]()
भास्कर न्यूज | धौराभाठा तमनार नगर पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार का कार्यक्रम गुरुवार को राजनीतिक स्वागत और जनसमस्याओं के बीच नजर आया। मंच पर नवमनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों का फूलमालाओं से स्वागत होता रहा, जबकि सभास्थल के नीचे वार्डों से पहुंचे लोग सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और राशन जैसी समस्याओं को लेकर आवेदन जमा करते दिखे। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष स्वरूप पटनायक, पूर्व मंडल अध्यक्ष जतीन साव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनायक पटनायक सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सुशासन दिवस के दौरान नगर के अलग-अलग वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन जमा किए। किसी ने पेयजल संकट उठाया तो किसी ने सड़क और सफाई व्यवस्था की शिकायत की। कई लोगों ने आवास, राशन और बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी आवेदन सौंपे। अध्यक्ष अश्वनी कुमार पटनायक ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत तमनार को स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे। उपाध्यक्ष सुरेन्द्र साहू और अन्य पार्षदों ने भी जनता का आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
<
