![]()
सरगुजा संभाग में लगातार बादल छाए रहने के बावजूद अधिकतम तापमान दो दिनों से 40 डिग्री के पार बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही सरगुजा संभाग में तेजी से अधिकतम और न्यूनतम तापामन में बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। स्वास्थ्य विभाग ने लू की संभावित स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में पांच दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से रोक लगी है। रविवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा। वहीं सोमवार के बाद मंगलवार को भी बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। बादलों के कारण राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं का असर कम हुआ है। दो दिनों बाद फिर से बढ़ेगा तापमान मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादल छाए हुए हैं। इसके कारण कुछ हद तक गर्म हवाओं का प्रवेश कम हुआ है और तीखी धूप से कुछ राहत मिली है। आगामी दो दिनों तक अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही फिर से अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी संभावित है जो 24 अप्रैल तक 42 डिग्री पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी। मंगलवार सुबह न्यनूतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू से बचने के लिए अलर्ट जारी किया है। CMHO सरगुजा डॉ. पीएस मार्काे ने अपील की है कि लोग अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से दोपहर 12ः00 बजे से 3ः00 बजे के बीच अत्यधिक आवश्यकता न होने पर घर से बाहर न निकलें।
<
