![]()
सरगुजा में भू माफियाओं ने कंठी गांव में घुसकर पटवारी की पिटाई कर दी। पटवारी के साथ आपरेटर को जमकर पीटा। मारपीट का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिसमें पटवारी के साथ एक युवक मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। मारपीट करने वाला युवक भाजपा से जुड़ा बताया गया है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंठी में पटवारी प्रकाश मंडल बुधवार दोपहर को अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। वे करजी व सोहगा के भी पटवारी हैं। पटवारी कार्यालय में घुसे युवकों का पटवारी प्रकाश मंडल से विवाद हो गया। विवाद के बाद भू माफिया ने पटवारी एवं कार्यालय के कंप्यूटर आपरेटर के साथ जमकर मारपीट की। पटवारी जब बाहर निकला तो भी उसे युवक ने लात मारी और लकड़ी के चौड़े डंडे से पीटा। सामने आया मारपीट का CCTV VIDEO, थाने पहुंचे पटवारी
गालीगलौज व मारपीट का वीडियो पटवारी कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। शाम को पटवारी एवं कंप्यूटर आपरेटर दरिमा थाने पहुंचे। सूचना पर पटवारी संघ से जुड़े पदाधिकारी भी थाने पहुंच गए हैं। बताया गया है कि मारपीट करने वाला आरोपी मोनू कुजूर है, जो भाजपा से जुड़ा हुआ है। युवक का महापौर मंजूषा भगत एवं विधायक प्रबोध मिंज के साथ फोटो भी सामने आया है। देर शाम तक पटवारी दरिमा थाने में डटे रहे। विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया गया है कि विवाद आरआई का नंबर मांगने को लेकर हुआ था, जिसके बाद उन्होंने मारपीट की। मामले में थाना प्रभारी राजेश कुमार खलखो को मोबाइल बंद होने के कारण पुलिस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी है।
<
