![]()
रायपुर के सारागांव हायर सेकेंडरी स्कूल के समर कैम्प में बच्चों ने एक अनूठी पहल करते हुए पक्षियों के लिए घोंसले तैयार किए। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा। यह पहल बताती है कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी होती है। कैम्प के दौरान कक्षा 12वीं की छात्राओं छाया, साक्षी और टीना ने मिलकर रचनात्मक तरीके से घोंसलों का निर्माण किया। तैयार किए गए घोंसलों को स्कूल परिसर के पेड़ों पर लगाया गया, ताकि तेज गर्मी में पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। विद्यार्थियों ने इस काम को उत्साह के साथ पूरा किया। इस पहल से बच्चों में प्रकृति के प्रति जुड़ाव, सहयोग की भावना और जीवों के प्रति करुणा विकसित हुई है। साथ ही यह संदेश भी गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
<
