बस डिवाइडर पर चढ़ी, छात्रा घायल:रायपुर से धमतरी आ रही बस में 40 यात्री बाल-बाल बचे

![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में एक स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बस में सवार करीब 40 यात्री बाल-बाल बच गए। घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम डांडेसरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। रायपुर से धमतरी जा रही तेज रफ्तार बस स्कूली छात्रा को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा और सामने का शीशा पूरी तरह डैमेज हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल कुरुद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। 40 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बस में सवार सभी करीब 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहन से धमतरी बस स्टैंड भेजा गया। हादसे में किसी अन्य यात्री को चोट नहीं आई। पुलिस ने शुरू की जांच एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि बस छात्रा को बचाने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ गई थी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link




