![]()
सरगुजा के दरिमा में एक माह पूर्व खोले गए शराब दुकान को हटाने के लिए शुक्रवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने दुकान हटाने की मांग को लेकर रैली निकाली और शराब दुकान के सामने नारेबाजी की। महिलाओं ने सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और एक सप्ताह में शराब दुकान को हटाने का अल्टीमेटम दिया है। एक सप्ताह में दुकान नहीं हटाए जाने पर अनिश्चिकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। सरगुजा के दरिमा में गौरव पथ के पास एक माह पूर्व अंग्रेजी शराब दुकान खोली गई है, जिसका महिलाएं विरोध कर रही हैं। चार दिनों पूर्व भी महिलाओं ने अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था और शराब दुकान को हटाने की मांग की थी। शुक्रवार को महिलाओं ने दरिमा में शराब दुकान हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। झमाझम बारिश में निकाली रैली, एक सप्ताह का अल्टीमेटम महिलाओं ने शराब दुकान हटाने की मांग करते हुए रैली निकाली और शराब दुकान के सामने भी प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि जब तक शराब दुकान नहीं हटाई जाती, प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन की सूचना पर सहायक आबकारी अधिकारी शीला बड़ा सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। महिलाओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है और एक सप्ताह में शराब दुकान नहीं हटाने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। स्कूल, हॉस्टल के पास शराब दुकान शराब दुकान का विरोध करने वाली महिलाओं ने कहा कि आबकारी अमले ने रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोला है। पास ही स्कूल और छात्रावास भी हैं। शराबियों के जमावड़े के कारण यहां से गुजरने वाली छात्राओं और महिलाओं को परेशान होना पड़ता है। वे किसी भी हालत में शराब दुकान का संचालन नहीं होने देंगे। महिलाओं ने कहा कि शराब दुकान को बंद करें या दूसर जगह स्थानांतरित करें।
<
