![]()
रगुजा जिले में नेशनल हाईवे 43 में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक कार को रोककर जांच की तो कार में 95 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। शराब की तस्करी अंग्रेजी शराब दुकान का मैनेजर कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आबकारी विभाग द्वारा भी मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सीतापुर पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि कार से शराब तस्करी की जा रही है। सीतापुर थाने के एएसआई अरूण दुबे की टीम ने नेशनल हाईवे 43 में सीतापुर की ओर से आ रही रेनॉल्ड किगर कार क्रमांक सीजी 15 डीव्ही 7455 को प्रतापगढ़ के पास रोककर कार की जांच की। कार चला रहे युवक ने अपना नाम सूरज गुप्ता (34 वर्ष) निवासी लुण्ड्रा बताया। शराब में लोड मिली अवैध अंग्रेजी शराब
पुलिस ने रेनॉल्ड किगर कार की जांच की तो कार में ड्राईवर सीट के पीछे कॉर्टून में व कार की डिक्की में शराब मेडॉफ व्हीस्की 48 नग, गोवा स्पेशल व्हीस्की 480 नग रखा पाया गया। शराब को जब्त कर लिया गया है। सूरजपुर गुप्ता सीतापुर अंग्रेजी शराब दुकान का मैनेजर है। वह शराब का कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में सूरज गुप्ता ने बताया कि वह लुंड्रा क्षेत्र में खपाने के लिए शराब लेकर जा रहा था। इसकी सूचना आबकारी विभाग को दी गई। आबकारी विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि लुंड्रा इलाके में शराब दुकान नहीं होने के कारण सूरज गुप्ता द्वारा उसे मंहगे दामों पर खपाने के लिए तस्करी की जा रही है। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा जांच की जा रही है कि शराब दुकान के मैनेजर ने पहले भी शरबा की कितनी खेप भेजी है। पुलिस ने धारा धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत् कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
<
