अमरकंटक में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब:कवर्धा के 500 कांवरियों ने नर्मदा जल भरकर लिया संकल्प, 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के लगाए जयकारे

![]()
पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास की नवमी तिथि शुक्रवार 7 अगस्त को शिवभक्ति और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के गौरकापा से लगभग 500 कांवरियों का एक विशाल दल नर्मदा उद्गम स्थल पहुंचा। यह कांवरिया दल बाबा रामगिरी धूनी से पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते, भजन-कीर्तन करते और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ के जयघोष लगाते हुए अमरकंटक पहुंचा था। अनुशासित और कतारबद्ध होकर यह दल नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ मां नर्मदा के उद्गम स्थल नर्मदा मंदिर परिसर पहुंचा। पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में भरा गया श्रद्धालुओं के जयघोष और भक्ति गीतों से समूची तपोभूमि शिवमय हो उठी। मंदिर परिसर में विधि-विधानपूर्वक मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में भरा गया। कांवरियों ने मां नर्मदा के पावन जल से भगवान शिव का अभिषेक करने का संकल्प लिया, जिसे अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। आज जलेश्वर महादेव के पावन धाम पहुंचेंगे ‘नर्मदे हर, हर-हर महादेव’ के जयघोषों के बीच यह भक्ति-कारवां शनिवार, 8 अगस्त 2026 को श्रावण कृष्ण पक्ष दशमी के अवसर पर भगवान जलेश्वर महादेव के पावन धाम पहुंचेगा। यहां श्रद्धालु नर्मदा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन एवं अर्चन करेंगे। इसके बाद, कांवरिया दल अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ को नर्मदा जल अर्पित करते हुए गौरकापा-कवर्धा क्षेत्र के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में भी जल अर्पित कर पुण्यलाभ अर्जित करेगा। ‘ॐ नमः शिवाय’ के महामंत्र और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से अमरकंटक की आध्यात्मिक वादियां गुंजायमान रहीं, जहां श्रद्धालुओं के चेहरे पर आस्था का तेज और हृदय में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा दिखाई दी।
Source link




