![]()
रायपुर पुलिस ने पंजाब से हेरोइन लाकर उसे रायपुर में बेचने वाले बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांच दिन तक चली एंड-टू-एंड जांच के बाद पुलिस ने मुख्य सरगना चरणजीत सिंह उर्फ सोनू को भी दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 56.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम रहीना कौर, करनदीप सिंह और चरणजीत सिंह हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।। जानिए पूरा मामला मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 19 मई को सूचना मिली थी कि एक महिला और युवक जरीवाय बीएसयूपी कॉलोनी के पास हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। इसके बाद डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रहीना कौर और करनदीप सिंह मान को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से 9.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पंजाब के गुरदासपुर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ सोनू से हेरोइन मंगाते थे। इसके बाद पुलिस ने पंजाब कनेक्शन पर काम शुरू किया। जांच में सामने आया कि चरणजीत पहले भी कई एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है और रायपुर में सक्रिय सप्लायर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि चरणजीत एक और खेप लेकर रायपुर आने वाला है। शुक्रवार को सोनडोंगरी तालाब के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 47 ग्राम हेरोइन और मोबाइल फोन जब्त किया गया। पहले भी हो चुका गिरफ्तार डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल ने बताया, कि जांच में यह भी सामने आया कि चरणजीत पहले थाना आमानाका में 150 ग्राम हेरोइन मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वहीं कबीर नगर थाना के एक अन्य मामले में करीब 400 ग्राम हेरोइन जब्ती के बाद वह फरार चल रहा था। उसका भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी भी हेरोइन तस्करी के मामले में जेल में बंद है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर शहर में सक्रिय अन्य पैडलर्स और नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही तस्करी से अर्जित संपत्तियों की भी वित्तीय जांच शुरू कर दी गई है।
<
