![]()
रायपुर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा द्वारा 08 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस भवन में बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन टोमन साहू ने की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम के तहत समूह नृत्य और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर के रेडक्रॉस वालंटियर्स हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और वालंटियर्स की रचनात्मकता को मंच देना है। स्वास्थ्य व जागरूकता पर रहेगा फोकस
बैठक में रेडक्रॉस की गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई। इसके तहत प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण, रक्तदान शिविरों का आयोजन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। साथ ही विशेष दिवसों पर भी जागरूकता गतिविधियां चलाने का निर्णय लिया गया। युवा-विद्यार्थियों को जोड़ेगा रेडक्रॉस
योजना में जूनियर और यूथ रेडक्रॉस के माध्यम से विद्यार्थियों को मानवीय सेवा कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत शैक्षणिक भ्रमण, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, काउंसलिंग और एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में रेडक्रॉस के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
<
