![]()
रायपुर में शनिवार शाम नगर निगम की एक सिटी बस में अचानक आग लग गई। घटना जब्बार नाला के पास हुई, जहां चलते-चलते बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। हादसे के वक्त बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर आ रही थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते यात्रियों को नीचे उतार लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अब जानिए पूरा मामला पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जब्बार नाला के पास सिटी बस में आग लगने की सूचना शाम सात बजे राहगीरों से मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बस के पिछले पहिए में लगी थी आग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही देर में आग ने बस के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फायर ब्रिगेड की मदद से बुझाई गई सिटी बस की आग पंडरी निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि आगजनी की सूचना पर टीम पहुंची थी। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझाया गया है। आगजनी के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था।
<
