![]()
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके से गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। वार्ड नंबर-13 स्थित एक मकान में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर पहुंच गई। एसीपी पूर्णिमा लाने ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मकान के आसपास के पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। संदिग्ध सामान मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। कई लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने लोगों को इलाके से दूर रहने की हिदायत दी। मुखबिर की सूचना पर रेड जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रावाभाठा इलाके के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान घर से तार, पाउडरनुमा सामग्री, बैटरी और देसी बम तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक जब्त सामान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड ने संदिग्ध सामग्री की जांच की। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घर में मौजूद लोगों से पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे है।
<
