![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में भाजपा पार्षद के भाई के साथ कुछ लोगों ने मिलकर मारपीट की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां बुधवार को महापौर-सभापति समेत भाजपा पार्षद कोतवाली थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर वहीं बैठकर अपना विरोध जताने लगे। मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 31 की भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान मंगलवार की रात को अपने परिवार के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने देवांगन धर्मशाला गई थी। वहां से वापस लौटते समय कुछ युवकों ने मेन रोड पर धुमाल को रोड पर खड़ी कर रखा था। तभी पार्षद के भाई ने जब उसे वाहन को किनारे करने के लिए कहा, तो इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया और 5-7 लोगों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दिया। इससे पार्षद का भाई घायल हो गया। इसकी जानकारी जब महापौर-सभापति और भाजपा के पार्षदो को लगी, तो वे बुधवार को कोतवाली थाना पहुंच गए। जहां आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताने लगे। थाना के सामने महापौर-सभापति और पार्षद बैठ गए, लेकिन काफी देर तक कोई भी पुलिस अधिकारी जब उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा, तो उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने समझाईश दी और कुछ देर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाईश देते हुए दोषियों पर कार्रवाई आष्वसन दिया।
सिर, चेहरे और जबड़ा में आई चोट
भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान ने बताया कि शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। तभी धुमाल गाड़ी को सड़क पर बीच पर रखे थे, जिन्हें हटाने कहा गया, तो युवकों ने विवाद किया और मारपीट शुरू कर दिया। इससे छड़ और बांस अन्य चीजों से मारे हैं। इससे मेरे भाईयों को चेहरे पर जबड़ा में चोट आया है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। उनके द्वारा जातिगत गाली गलौज भी किया गया।
जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो शहरवासी कैसे सुरक्षित रहेंगे
महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि वार्ड नंबर 31 की पार्षद जब शादी कार्यक्रम से अपने परिवार वालों के साथ घर लौट रही थी, तो असामाजिक तत्वों ने अभद्र व्यवहार किया। भाईयों पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को हम बताने आए हैं कि जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो शहरवासी कैसे सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस के अधिकारी अब तक नहीं आए हैं और जब तक कार्रवाई नहीं होगी हम अपना विरोध जारी रखेंगे।
आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि रात में पुलिस को सूचना मिली थी कि शादी से लौटते समय महिला पार्षद और उनके परिवार से कुछ झगड़ा हो गया है। पुलिस ने रात में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित धारा का अपराध पंजीबद्ध कर दिया गया है। पुलिस अपराध की धारा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा लगाती है रिपोर्ट आधार पर धारा बढ़ाई जाएगी।
<
