![]()
राजनांदगांव जिले में सहकारिता ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 136 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) का शुभारंभ किया गया है। इस निर्णय से जिले के 620 गांवों के लगभग 97,305 किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। अब किसानों को खाद, बीज और ऋण जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। अंजोरा में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान किसानों ने वर्चुअल माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से संवाद किया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल की पहल पर यह सीधा संवाद संभव हो पाया। किसानों ने नई समितियों के गठन के लिए डॉ. सिंह का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह फैसला उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सालों से किसान बड़ी समितियों के कारण भीड़भाड़ और दूरी से परेशान थे, लेकिन अब उनके समय और धन दोनों की बचत होगी। समितियों के गठन से किसानों को सीधा लाभ नई समितियों के गठन से ग्रामीण स्तर पर सेवाओं का विकेंद्रीकरण होगा। उदाहरण के लिए, सोमनी समिति से 8 गांवों के 1,453 किसान लाभान्वित होंगे। इसी तरह, अंजोरा समिति से 7 गांवों के 1,687 किसानों को सुविधा मिलेगी, और मनकी समिति से 4 गांवों के 603 किसानों को सीधा फायदा होगा। कृषि सेवाओं में सुधार से बढ़ेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था विशेषज्ञों और कृषि जानकारों का मानना है कि इन समितियों के विस्तार से किसानों को समय पर खाद-बीज और ऋण मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आने से उत्पादन बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र में खुशहाली आएगी।
<
