![]()
भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस संगठन में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद के लिए 35 से ज्यादा युवाओं ने दावेदारी पेश की है। रायपुर स्थित राजीव भवन में 24 और 25 मई को इन दावेदारों का इंटरव्यू लिया गया। अब अगले 3 से 4 दिनों में नाम फाइनल होने की चर्चा है। इसके बाद सदस्यता और वोटिंग के आधार पर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। युवा कांग्रेस के इस चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के खेमों को लेकर हो रही है। संगठन के अंदर माना जा रहा है कि इस बार भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भूपेश बघेल समर्थक युवा नेता को मौका मिल सकता है। हालांकि देवेंद्र यादव खेमे के कई युवा नेता भी मजबूती से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। किन पदों पर किया काम इंटरव्यू में शामिल नेताओं ने बताया कि इंटरव्यू के दौरान प्रत्याशियों से उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन में कामकाज को लेकर कई सवाल पूछे गए। उनसे पूछा गया कि वे कितने सालों से राजनीति में सक्रिय हैं, अब तक कौन-कौन से आंदोलनों में शामिल रहे हैं और संगठन के लिए कितने नए सदस्य जोड़े हैं। इसके अलावा यह भी पूछा गया कि वे अब तक किन पदों पर काम कर चुके हैं और वर्तमान में उनकी जिम्मेदारी क्या है। इंटरव्यू में उम्मीदवारों ने दिखाया अपना फोटो-वीडियो इंटरव्यू के दौरान दावेदार अपने आंदोलन और कार्यक्रमों से जुड़े फोटो और वीडियो भी लेकर पहुंचे थे। कई नेताओं ने दिल्ली में किए गए प्रदर्शन और धरनों की तस्वीरें भी दिखाई। प्रत्याशियों ने कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर संगठन में सक्रियता और पकड़ बताने की कोशिश की। नेताओं के बेटे और पूर्व पदाधिकारी भी रेस में शामिल इस बार युवा कांग्रेस चुनाव में पुराने नेताओं के बेटों से लेकर पूर्व पदाधिकारियों तक ने अपनी दावेदारी पेश की है। यही वजह है कि मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। संगठन के भीतर लगातार बदलते राजनीतिक समीकरणों के चलते हर खेमा अपने समर्थक को अध्यक्ष बनाने के लिए सक्रिय नजर आ रहा है। 10 जून से शुरू होगी चुनाव की प्रक्रिया
बताया जा रहा है कि 10 जून से 10 जुलाई तक सदस्यता और वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसी आधार पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होगा। फिलहाल संगठन में यह चर्चा सबसे ज्यादा है कि इस बार भिलाई शहर युवा कांग्रेस की कमान किस युवा चेहरे को मिलती है। कांग्रेस के भीतर एक अन्य नेता का खेमा भी चुनाव लड़ाने की तैयारी में बताया जा रहा है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन भिलाई युवा कांग्रेस की राजनीति के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं। अब सबकी नजर पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई है कि आखिर किस युवा चेहरे पर भरोसा जताया जाएगा।
29 मई से नामांकन की प्रक्रिया, उम्र भी तय प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर की नई टीम के गठन के लिए 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए नामांकन 29 मई से 13 जून तक भरे जाएंगे। नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया एक साथ ऑनलाइन माध्यम से होगी। युवा कांग्रेस में सदस्य बनने और चुनाव लड़ने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 साल तय की गई है। आवेदन करने वाले युवाओं को अपना लाइव फोटो, वोटर ID कार्ड और उम्र संबंधी दस्तावेज डिजिटल रूप से अपलोड करने होंगे। इसके अलावा आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, जिसमें आवेदक को खुद आवेदन से जुड़ी जानकारी देनी होगी। चुनाव प्रक्रिया में “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार सिर्फ एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल कर सकेगा। नामांकन दाखिल करते ही उसे अपने पुराने पद से मुक्त माना जाएगा।
<
