![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में एक युवक को तारपीन तेल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान रायपुर के डी.के.एस. अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अनिश मिंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, डीपाडीहखुर्द निवासी 20 वर्षीय करण बेक को आरोपी अनिश मिंज ने जान से मारने की नीयत से उसके शरीर पर तारपीन तेल डालकर लाइटर से आग लगा दी थी। यह घटना शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डीपाडीहखुर्द में हुई। आग लगने से करण बेक गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे पहले डुमरखोला में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद अंबिकापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर के डी.के.एस. अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अपराध साबित होने पर आरोपी गिरफ्तार मृतक करण बेक के भाई बिमल बेक और अन्य गवाहों के बयानों, मरणासन कथन (डाइंग डिक्लेरेशन) और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के दौरान आरोपी अनिश मिंज के खिलाफ अपराध साबित होने पर उसे उसके निवास स्थान डीपाडीहखुर्द से गिरफ्तार किया गया। आरोपी अनिश मिंज ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1), 118(2) और 238 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
<
