![]()
दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक बेटे ने मोबाइल नहीं मिलने की बात पर अपने ही मां-पिता पर हसिए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी बेटे को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। जामुल निवासी दिनेश साहू (50) और उनकी पत्नी खिलेश्वरी साहू (47) अपने बेटे राकेश साहू को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि राकेश का इलाज कुरुद स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसी सिलसिले में परिवार उसे अस्पताल लेकर जा रहा था। अस्पताल जाने से पहले राकेश ने अपने पिता से मोबाइल मांगा। पिता ने उसे बाद में मोबाइल देने की बात कही। इसी बात से राकेश नाराज हो गया। देखते ही देखते उसने अपना आपा खो दिया और हसिए से पहले पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने मां पर भी लगातार कई वार कर दिए। पड़ोसियों ने रस्सी से बांधकर पाया काबू
हमले के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने पहले अन्य लोगों को बुलाया, फिर मिलकर आरोपी युवक को घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया, ताकि वह किसी और पर हमला न कर सके। पड़ोसियों रस्सी से बांधकर लाया अस्पताल
घटना के बाद पड़ोसियों ने ही घायल पति-पत्नी को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपी बेटे को भी रस्सी से बांधकर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद मां खिलेश्वरी साहू की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं आरोपी बेटे का इलाज भी मेकाहारा में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, पिता दिनेश साहू को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दूसरी ओर मां की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मोबाइल को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बेटा मोबाइल मांग रहा था। परिजनों ने उसे बाद में मोबाइल देने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने मां-पिता पर हसिए से हमला कर दिया। घायल मां और बेटे दोनों का रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
<
