![]()
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चमत्कार के नाम पर धोखाधड़ी कर एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पामगढ़ पुलिस ने इस मामले में आरोपी ढोंगी बाबा को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के नाशिक निवासी 60 वर्षीय स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानिए पूरा मामला पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र में पदयात्रा करते हुए आया था। वह खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी ने उसका हाथ देखकर इलाज का झांसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया। इलाज का झांसा देकर साथ ले गया मैहर बाद में आरोपी ने पीड़िता को 26 मार्च को बाजार में बुलाया और “प्रसाद” देकर उसे अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ बिलासपुर ले गया और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचा, जहां एक होटल में ठहराया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने वहां इलाज के नाम पर उसके साथ बार-बार जबरदस्ती दुष्कर्म किया। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर ब्लैकमेल किया घटना के बाद भी आरोपी ने पीड़िता को लगातार फोन कर परेशान किया। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने उसके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
<
