![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला अधिकारी से अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना एसपी कार्यालय के सामने 8 अप्रैल को हुई, जहां पुलिसकर्मी ने महिला अधिकारी के साथ-साथ जिले की गरिमा को लेकर भी आपत्तिजनक शब्द कहे। पुलिसकर्मी द्वारा महिला अधिकारी से गाली-गलौज का वीडिया वहां मौजूद किसी ने बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है। जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 अप्रैल की है। पीडब्ल्यूडी विभाग की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नित्या ठाकुर अपनी कार से गौरेला से जिला पंचायत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान, पुलिसकर्मी देवारीलाल मरकाम अपनी एक्टिवा से जा रहा था और उनकी गाड़ियों के बीच दुर्घटना होते-होते बची। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जिला पंचायत कार्यालय में अपने काम से चली गई। तभी पुलिसकर्मी मरकाम वहां पहुंचा और सड़क पर खड़े होकर जोर-जोर से अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। उसने यहां तक कहा कि वह आईजी को फोन लगा लेगा और इस जिले में नहीं रहना चाहता, क्योंकि यह ‘अनपढ़ जिला’ है। महिला अधिकारी ने सबक सिखाने तस्वीर खींची पुलिसकर्मी के इस बदसलूकी पर ईई नित्या ठाकुर ने अपने मोबाइल से उसकी तस्वीर खींची। आरक्षक जिला पंचायत कार्यालय के ठीक सामने स्थित एसपी कार्यालय के गेट के पास काफी देर तक अभद्र व्यवहार करता रहा, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया। तस्वीर खींचने के बाद ईई अपनी कार में बैठकर चली गईं और बाद में पुलिसकर्मी भी वहां से चला गया। इस मामले में न तो पुलिसकर्मी ने ईई के खिलाफ और न ही ईई ने पुलिसकर्मी के विरुद्ध कोई रिपोर्ट या शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि, बाद में मीडिया द्वारा पूछे जाने पर ईई नित्या ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मी को सबक सिखाने के लिए उसकी तस्वीर खींची थी।
<
