![]()
एमसीबी जिले की मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका इन दिनों प्रशासनिक अव्यवस्था से जूझ रही है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) और लेखापाल के अभाव में नगर पालिका का कामकाज लगभग ठप पड़ गया है। स्थिति यह है कि शासन द्वारा 17 अप्रैल को आदेश जारी होने के बावजूद नवपदस्थ CMO अजय राजपूत ने अब तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। इसके अलावा, किसी अन्य अधिकारी को भी वैकल्पिक रूप से यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। नगर पालिका के दैनिक कार्यों पर पड़ रहा असर CMO की अनुपस्थिति का सीधा असर नगर पालिका के दैनिक कार्यों पर पड़ रहा है। आम नागरिकों को राशन कार्ड में नाम जोड़ने जैसी मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई योजनाएं फाइलों में अटकी हुई हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह बाधित इस अव्यवस्था का सबसे अधिक खामियाजा नगर पालिका के कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे वे गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी के न होने से फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई है। नगर पालिका का कामकाज पटरी पर लौटाने के मांग नगर पालिका कार्यालय में भी सन्नाटा पसरा हुआ है, जहां पहले रोजमर्रा के कार्यों को लेकर चहल-पहल रहती थी। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जल्द से जल्द नए CMO की जॉइनिंग सुनिश्चित कराने और व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि नगर पालिका का कामकाज पटरी पर लौट सके और आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके।
<
