![]()
मनेंद्रगढ़ के कई वार्डों में गुरुवार को घरों में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई हुई। नलों से दूषित पानी आने पर लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। कुछ लोग बोतलों में पानी भरकर सीधे पानी टंकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। लोगों का कहना था कि पानी से तेज बदबू आ रही थी और उसका रंग भी सामान्य नहीं था, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा तत्काल पानी टंकी पहुंचे। उन्होंने मौके पर व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से जानकारी लेकर लापरवाही पर नाराजगी जताई। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुरानी शिकायतों के बाद भी बिगड़ी स्थिति स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि पानी की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें मिली थीं, लेकिन इस बार स्थिति गंभीर थी। शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल शहर की पानी सप्लाई बंद करा दी। पानी टंकी की सफाई के बाद फिर से होगी आपूर्ति अधिकारियों के अनुसार, पानी टंकी को पूरी तरह खाली कर साफ किया जाएगा, जिसके बाद स्वच्छ पानी भरकर दोबारा सप्लाई शुरू होगी। इस प्रक्रिया के कारण आज दिनभर शहर में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। दूषित पानी से बीमारियों का खतरा स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दूषित पानी के सेवन से पेट संबंधी बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पानी को उबालकर या फिल्टर कर ही उपयोग करना चाहिए। इस घटना के बाद शहरवासियों ने नगर पालिका की जल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। नियमित मॉनिटरिंग और सफाई पर सवाल लोगों का कहना है कि नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर टंकियों की सफाई न होने के कारण ऐसी समस्याएं आती हैं। अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि नगर पालिका प्रशासन भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।
<
