![]()
अंबिकापुर शहर की अंदरूनी सड़कों की खस्ताहालत को लेकर मंत्री और सांसद की भी नेशनल हाईवे के अफसर नहीं सुन रहे हैं। अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अफसर ढीठ हो चुके हैं। 15 दिनों में सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का काम नहीं हुआ तो मैं रौद्र रूप दिखाऊंगी। जनता ने मुझे वोट दिया है और हमारी जिम्मेदारी है कि सड़कें ठीक हों। दरअसल, अंबिकापुर शहर की प्रमुख सड़कें नेशनल हाईवे के अंतर्गत आती हैं। इनमें देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड और बिलासपुर रोड की सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों की बारिश के दौरान दुर्दशा हो गई थी। नेशनल हाईवे ने सदर रोड और देवीगंज रोड में पेंच रिपेयरिंग का कुछ काम कराया, लेकिन यह भी कुछ दिनों बाद उखड़ गई है। स्कूल रोड में इतने गड्ढे हैं कि रोज हादसे हो रहे हैं। भड़की महापौर, बोली- ढीठ अफसर नहीं सुन रहे
सड़कों की दुर्दशा को लेकर सर्वाधिक किरकिरी नगर निगम की हो रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार से शहर में विकास की गंगा बहाने के वादे के साथ निगम की सत्ता में आसीन भाजपा महापौर को रोज लोगों की खरी-खोटी सुननी पड़ रही है। लगातार हो रही किरकिरी से महापौर मंजूषा भगत भी अफसरों पर बिफरी हुई हैं। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि कई बार सांसद (चिंतामणि महाराज), मंत्री (राजेश अग्रवाल) ने नेशनल हाईवे के अफसरों से बात की, लेकिन वे इतने ढीठ हैं कि सुन ही नहीं रहे हैं। पेंच रिपेयरिंग का टेंडर हो चुका है। यदि 15 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो मैं उग्र रूप दिखाऊंगी। महापौर ने कहा कि जनता ने हमें वोट दिया है। शहर की सड़कें अच्छी हों, यह हमारी जवाबदेही है। नगर की जनता हमें टैक्स देती है। एनएच की सड़क है, तो हम अपना ठीकरा उनपर नहीं फोड़ सकते। वन टाइम इम्प्रूवमेंट का प्रस्ताव
नेशनल हाईवे 43 सड़क में लुचकी घाट से मनेंद्रगढ़ रोड में रेलवे स्टेशन तक वन टाइम इम्प्रूवमेंट के अंतर्गत 44.82 करोड़ रुपए स्वीकृत किया गया है। इसके तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से गांधी चौक होते हुए देवीगंज रोड, सदर रोड से खरसिया चौक तक नई सड़क बनाई जाएगी। खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वन टाइम इम्प्रूवमेंट के बाद सड़क नगर निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी। नेशनल हाईवे का यह काम भी शुरू नहीं हो सका है। कुछ स्थानों पर सिर्फ पेंच रिपेयरिंग का काम कराया गया है।
<
