![]()
बलरामपुर के धनवार आरटीओ चेक पोस्ट के पास 20 मई को भूमि अधिग्रहण मुआवजे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा। साल 2005-06 में आरटीओ परिसर के निर्माण के लिए 19 भूमि स्वामियों से 20 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन 20 साल बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। प्रभावित 19 परिवारों ने भूमि के बदले भूमि या 40 लाख रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर बलरामपुर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 20 मई को सुबह 9 बजे से अनिश्चितकालीन चक्का जाम और धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आने वाले सभी परिवहन पूरी तरह से बंद हो जाएंगे। प्रभावित किसानों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते से भी इस मामले की शिकायत की थी। हालांकि, न तो प्रशासन कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही स्थानीय विधायक की ओर से कोई पहल की जा रही है। भूमि प्रभावित किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक वे चक्का जाम और धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
<
