भूमि को मिला चांदी का सिक्का आकांक्षा, आराध्या भी सम्मानित

भास्कर न्यूज | कुकदूर शासकीय प्राथमिक स्कूल मुनमुना में विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कक्षा पांचवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रधान पाठक अतुल तिवारी द्वारा लगातार तीन वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है, जिससे बच्चों में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिल रही है। इस वर्ष कक्षा पांचवीं की परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा भूमि को चांदी का सिक्का भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं आकांक्षा और आराध्या को भी चांदी का सिक्का देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद स्कूल परिवार ने सहायक संचालक एमके गुप्ता, पंडरिया बीईओ दीपक ठाकुर, अर्जुन चंद्रवंशी का तिलक लगाकर, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। मुख्य अतिथि एमके गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2016 से मुनमुना संकुल ने शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में जिले में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मड़ई के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और प्राकृतिक वातावरण के कारण इसका चयन हुआ था। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के शिक्षक आगे भी शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ाते रहेंगे। बीईओ दीपक ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान केवल तीन विद्यार्थियों का नहीं, बल्कि सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस वर्ष 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर मेहनत करने की अपील की। साथ ही शिक्षकों से ”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बच्चों के जन्मदिन पर पौधरोपण कराने और उसकी जानकारी साझा करने कहा।
Source link




