![]()
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 2 लाख रुपए का लोन लेने पहुंचे आर्मी जवान के नाम पर 17 लाख रुपए का लोन पास कर दिया गया। उसमें से 15.50 लाख रुपए बैंक कर्मचारी ने निकाल लिए। अब जवान बिना कर्ज लिए ही भारी किस्तें भरने को मजबूर है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है। आर्मी का एक जवान प्राइवेट बैंक में 2 लाख रुपए का लोन लेने पहुंचा था। इसी दौरान बैंक के कर्मचारी ने उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए लोन प्रक्रिया में हेरफेर कर दी। आरोप है कि कर्मचारी ने जवान की जानकारी और सहमति के बिना उसके नाम पर 17 लाख रुपए का लोन स्वीकृत करवा दिया। लोन की राशि खाते में आने के बाद आरोपी ने उसमें से 15 लाख 50 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। EMI का दबाव आने पर खुलासा इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी जवान को तब लगी, जब उस पर लोन की भारी EMI का दबाव आने लगा। जांच में सामने आया कि जवान ने केवल 2 लाख रुपए के लोन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसके नाम पर कहीं ज्यादा रकम का कर्ज चढ़ा दिया गया। इस धोखाधड़ी के चलते अब जवान को 17 लाख रुपए के लोन की किस्तें चुकानी पड़ रही हैं, जिससे उसे आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान हुआ है। जम्मू-कश्मीर में है पदस्थ गुंडरदेही टीआई नवीन बोरकर ने बताया कि पीड़ित आर्मी जवान अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडॉरसकरी का रहने वाला है। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में पदस्थ है। उनकी शिकायत पर आरोपी बैंक कर्मचारी रेखराम साहू के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
<
