![]()
कोंडागांव के पुसपालघाट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक डंपर पलटने से तीन लोग घायल हो गए। सीआरपीएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना सुबह करीब 7 बजे पुसपालघाट सीआरपीएफ कैंप से ककनार की ओर जाने वाली घाटी के तीखे मोड़ पर हुई। कंक्रीट से भरा डंपर (क्रमांक CG 04 NU 1018) अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना की तेज आवाज सुनकर पास स्थित एफ/188 बटालियन के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। जवानों ने बचाई घायलों की जान हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर के मलबे में ड्राइवर लक्ष्मण और उनके दो साथी योगेंद्र व कार्तिक फंस गए थे। सीआरपीएफ जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और तीनों घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों की तुरंत कार्रवाई से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सहायक कमांडेंट बन्ना राम के नेतृत्व में टीम ने घायलों को शुरुआती इलाज दिया और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। इस बचाव कार्य को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने सीआरपीएफ जवानों की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि सुरक्षाबल केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आपात स्थितियों में भी सहायता प्रदान करते हैं।
<
