![]()
कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में परसाभाठा चौक स्थित लक्ष्मी फर्नीचर दुकान में चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोर कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित का पड़ोसी मोबाइल दुकान का मालिक निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। दुकान संचालक राजेश कुमार कश्यप ने 1 अप्रैल 2026 को बालको नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 मार्च की रात से 1 अप्रैल की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने दुकान की छत की शीट तोड़कर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए समन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। चोरी के बाद आरोपी सुबह खुद घटनास्थल पर भी पहुंचा रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपी और चोरी हुए सामान की तलाश शुरू की। 18 अप्रैल 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही मुकेश कुमार महिलांगे उर्फ मेडी (27), निवासी परसाभाठा, को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किया गया आरोपी मुकेश कुमार महिलांगे एक मोबाइल दुकान का मालिक है। उसने शराब के नशे में अपने ही पड़ोस की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद वह सुबह खुद घटनास्थल पर भी पहुंचा था। जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो उससे भी पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी करना कबूला पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है। पुलिस की अपील कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
<
