Uncategorized

कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी को कोर्ट की मंजूरी

कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर दोबारा गिरफ्तार होगा। रविवार को रिमांड कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पुन: गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी। पुलिस की ओर से रखी गई दलीलों और उन्हीं आधारों को देखते हुए कोर्ट ने शोएब ढेबर की पुन: गिरफ्तारी की अनुमति दे दी है।

मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर कार्रवाई की थी। धमकी देने वाले ने खुद को अमन साव और लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था।

पुलिस की जांच में जांजगीर-चांपा के एक युवक की भूमिका सामने आई थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर शोएब ढेबर का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की थी।

शोएब की फिर से गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेकर उससे यह पता लगाएगी कि कुकरेजा को धमकी देने की पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और धमकी के लिए गैंग का नाम किस तरह इस्तेमाल किया गया।

इस मामले में पुलिस पहले ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी वाले नंबर, मोबाइल उपकरणों और आरोपितों के बीच संपर्क की कड़ियों की जांच कर चुकी है।

पुलिस इस प्रकरण को पूर्व महापौर एजाज ढेबर को लारेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर मिली 50 करोड़ रुपये की धमकी से जोड़कर भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button