![]()
सरगुजा में कुम्हरता स्थित पेट्रोल पंप से कैश लेकर घर लौट रहे मैनेजर से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों में एक युवक पहले पेट्रोल पंप में कर्मचारी रह चुका था, जिसे संचालक ने नौकरी से निकाल दिया था। आरोपियों ने मैनेजर का पीछा किया और रास्ते में रोककर कैश, मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए थे। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 7 मई की रात कुम्हरता स्थित वेदिका पेट्रोल पंप के मैनेजर शिवचंद वर्मा, निवासी गांधीनगर पेट्रोल पंप का हिसाब-किताब पूरा कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों में सवार चार युवकों ने उनका पीछा कर रास्ते में रोक लिया। सभी आरोपी नकाब पहने हुए थे। आरोपियों ने शिवचंद वर्मा को जान से मारने की धमकी दी और पेट्रोल पंप की बिक्री की नगद राशि 61 हजार 670 रुपए, मोबाइल और उनकी बाइक लूटकर फरार हो गए। CCTV फुटेज से मिला सुराग मामले की रिपोर्ट शिवचंद वर्मा ने दरिमा थाने में दर्ज कराई थी। मामले में दरिमा पुलिस ने धारा 309(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस टीम ने दरिमा से गांधीनगर के बीच लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और कई लोगों से बारीकी से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेल में मिले संदिग्धों की पतासाजी के दौरान पहचान दुर्गेश, आकाश झारिया, निशांत नगेसिया एवं एक अन्य के रूप में की गई। पुलिस ने दुर्गेश उर्फ यश ईमालीया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह पहले वेदिका पेट्रोल पंप पर काम करता था। अपनी शादी के लिए पेट्रोल पंप से बिना अनुमति के उसने 30 हजार रुपए लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर पंप मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पंप में लूट करने की योजना बनाई। सभी आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालीया (22), निशांत नगेसिया (20) दोनों निवासी प्रतापपुर नाका, आकाश झारिया (20) निवासी मिशन चौक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, स्कूटी जब्त किया गया है। तीन आरोपियों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
<
