![]()
धमतरी में परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर ब्राह्मण समाज की ओर से भव्य ‘ब्रह्म गर्जना’ बाइक रैली निकाली गई। यह रैली शहर के रसाई माता मंदिर से शुरू हुई और परशुराम चौक पहुंची, जहां ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद रैली छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, घड़ी चौक, गोल बाजार, मठ मंदिर चौक, कचहरी चौक, सदर बाजार, गणेश चौक और रामबाग होते हुए आगे बढ़ी। रैली का समापन धमतरी की आराध्य देवी मां बिलाई माता मंदिर में हुआ। मां बिलाई माता मंदिर में ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। रैली में शामिल महिला-पुरुष और बच्चों में परशुराम जन्मोत्सव को लेकर उत्साह देखा गया। सभी प्रतिभागी एक ही वेशभूषा में थे और अपने हाथों में भगवा ध्वज लेकर ‘जय जय परशुराम’ के जयकारे लगा रहे थे। इन जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। परशुराम जन्मोत्सव का महत्व और परंपरा ब्राह्मण समाज के सूरज तिवारी, सूरज शर्मा, पीयूष पांडे और ननकू महाराज ने बताया कि भगवान विष्णु के छठवें अवतार और ब्राह्मणों के आराध्य श्री परशुराम भगवान का जन्मोत्सव प्रतिवर्ष पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। ‘ब्रह्म गर्जना’ बाइक रैली का उद्देश्य उन्होंने बताया कि इस ‘ब्रह्म गर्जना’ बाइक रैली का आयोजन समाज में एकता और अखंडता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें महिला शाखा, युवा शाखा और वरिष्ठ शाखा के सदस्य शामिल हुए। ‘अक्षय कलश यात्रा’ का आयोजन समाज की ओर से परशुराम जन्मोत्सव के दिन परशुराम मंदिर में सुबह 9 बजे से पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा शाम को ‘अक्षय कलश यात्रा’ निकाली गई, जो धमतरी में पहली बार आयोजित किया गया।
<
