भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला न्यायालय सभागार जांजगीर में वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत को 9 अप्रैल को सफल बनाने के लिए समीक्षा बैठक हुई। इसमें गणेश राम पटेल द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जांजगीर ने सभी थानों से आए पुलिस अधिकारियों को नेशनल लोक अदालत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अदालती नोटिसों की शीघ्र और प्राथमिकता से तामील कराने और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर से जारी नोटिस समय पर तामील करने के निर्देश दिए। न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय के सत्येंद्र कुमार अंतिल और अर्नेश कुमार प्रकरण में जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के भी निर्देश दिए। बैठक में प्रवीण मिश्रा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जांजगीर-चांपा, मनोज कुमार कुशवाहा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा, योगिता खापर्डे सीएसपी जांजगीर तथा जिला जांजगीर-चांपा के समस्त थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
<
