![]()
बिलासपुर में नीट यूजी परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर के 19 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। इस बीच, सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने परीक्षार्थियों के लिए 24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की है। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नीट पेपर लीक की घटना के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही, बारिश की संभावना को देखते हुए भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। छात्रों में परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर ने यह विशेष हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ की है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार, सिम्स के मनोरोग विभाग के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को समय पर मनोवैज्ञानिक परामर्श और भावनात्मक सहयोग प्रदान करना है। सिम्स अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मोबाइल नंबर 9425502353 को 18 जून से आगामी दो सप्ताह तक हेल्पलाइन नंबर के रूप में संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थी परीक्षा परिणाम, काउंसलिंग, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य को लेकर होने वाली चिंता, तनाव, घबराहट या अन्य मानसिक समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। हेल्पलाइन नंबर का अधिकतम इस्तेमाल करें :मूर्ति सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि नीट जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान कई छात्र मानसिक दबाव और तनाव महसूस करते हैं। ऐसे समय में सही सलाह और सकारात्मक बातचीत से उन्हें काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने छात्रों और उनके अभिभावकों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें, ताकि समय पर मदद और मार्गदर्शन मिल सके। तनाव, चिंता में परामर्श के लिए कॉल करें: डा. नायक मनोरोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत नायक ने बताया कि परीक्षा परिणाम अथवा प्रवेश प्रक्रिया के दौरान तनाव, चिंता, निराशा और असफलता का भय जैसी स्थितियां सामान्य हैं, लेकिन समय पर परामर्श मिलने से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन सेवा का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखना है। 1.30 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा डिप्टी कलेक्टर और नीट परीक्षा के नोडल अधिकारी एनपी गबेल ने बताया कि परीक्षा दिवस यानी 21 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति होगी। 1.30 के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ कर परीक्षा केंद्र और केंद्र संख्या (सेंटर कोड) का अच्छे से मिलान कर सही परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय तक पहुंचें। पानी बोतल व ये लेकर आएं नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षार्थी अपने साथ अपना प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र (आइडेंटिटी कार्ड – आधार कार्ड, पेन कार्ड आदि), प्रवेश पत्र में निर्देशित फ़ोटो (पासपोर्ट साइज एवं पोस्ट कार्ड साइज) के अतिरिक्त पारदर्शी पानी की बोतल लेकर आएं। एग्जाम सेंटर में ये लेकर न आएं, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस वर्जित
– मोबाइल फ़ोन, स्मार्ट घड़ी, कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
– ब्लू टूथ डिवाइस, इयरफोन माइक्रोफोन, पेजर आदि
– कैलक्यूलेटर, लॉग टेबल, स्लाइड रूल्स, जॉमेट्री बॉक्स
– पेन, पेंसिल, इरेज़र, स्केल (NTA बॉल पॉइंट पेन प्रदान करेगा)
– किताबें, नोट्स, कागज, लिखित या प्रिंटेड सामग्री
– हैंडबैग, पर्स, वॉलेट, गहने
– कैमरा, रिकॉर्डर, कोई अन्य डिवाइस
– खाने की सामग्री, परफ्यूम आदि
– किसी भी कागजात की फोटोकॉपी
– टोपी,मफलर, पूरी बाँह के वस्त्र। कलेक्टर, एसएसपी ने एग्जाम सेंटरों का लिया जायजा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली नीट (UG)-2026 परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आज एग्जाम सेंटरों का निरीक्षण किया एवं दिशा निर्देश दिए। कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे एग्जाम प्रशासन की ओर से एग्जाम सेंटरों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसी प्रकार संभावित मानसूनी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ शेड (अस्थायी आश्रय स्थल) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रवेश द्वारों एवं परिसर के बाहर भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी ताकि वर्षा की स्थिति में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ताकि बारिश परीक्षा में बाधा न बने..
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के दिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी अभ्यर्थियों की परीक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों पर जल निकासी, वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तथा आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना, सीसीटीवी निगरानी केंद्रों की सक्रियता, परीक्षा केंद्रों की पूर्व जांच, पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीटों की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। एग्जाम सेंटरों में पुलिस तैनात, एम्बुलेंस भी रहेगा परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पंखे, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। परीक्षा दिवस पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की जाएगी। इन सेंटरों में होगा एग्जाम नो़डल अधिकारी के मुताबिक शहर में 19 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं, इनमें पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर, पं देवकीनंदन दीक्षित कन्या हायर सेंकेडरी स्कूल, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल, एसईसी रेलवे हायर सेंकेडरी स्कूल नंबर 1 और 2, गवर्नमेंट स्वामी आत्मानंद हायर सेंकेडरी स्कूल लिंगियाडीह, इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन एजुकेशन तारबाहर चौक, स्वामी आत्मानंद उत्कर्ष हिंदी मिडियम स्कूल, महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल, लाला लाजपतराय इंग्लिश मिडियम स्कूल, जीजीवी कोनी बिल्डिंग नंबर 32, आर्ट्स एंड साइंस बिल्डिंग, इंजीनियरिंग कालेज बिरकोना, जेपी वर्मा कालेज, बिलासा गर्ल्स कालेज, न्यू आईटी बिल्डिंग, गुरू घासीदास विश्वविद्यालय, स्वामी आत्मानंद स्कूल तिफरा, सरकंडा एवं सकरी शामिल है।
<
