![]()
रायपुर के VIP रोड स्थित विधायक कॉलोनी के पास 500 मीटर नाला निर्माण का काम चल रहा है। जिसे लेकर लेकर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि, नाले के अवैध कब्जे का मामला अभी पूरी तरह नहीं सुलझा है और सीमांकन की प्रक्रिया अधूरी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि, बिना किसी औपचारिक सूचना और लिखित अनुमति के काम शुरू कर दिया गया। तिवारी ने कहा कि आखिर बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए सीमांकन पूरा हुए बिना ही नाला निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। पार्षद की आपत्ति के बावजूद नहीं रुका काम स्थानीय पार्षद रेणु जयंत साहू ने इस मामले में कई बार जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर अनियमितताओं की जानकारी दी थी। उन्होंने मांग की थी कि, पहले नाले का सीमांकन कराया जाए, उसके बाद ही निर्माण शुरू हो। लेकिन जोन कमिश्नर ने भी पटवारी को पत्र लिखकर सीमांकन कराने के लिए कहा था और सीमांकन के बाद ही काम शुरू करना था, लेकिन बिना किसी जानकारी के काम एक महीने से चल रहा है। मौखिक अनुमति पर शुरू हुआ निर्माण कार्य नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और स्थानीय पार्षद के साथ मौके पर पहुंचे, तो खुलासा हुआ कि पिछले एक महीने से निर्माण कार्य जारी है। जांच में यह भी सामने आया कि पटवारी ने केवल मौखिक रूप से काम शुरू करने की बात कही थी, जिसके आधार पर अधिकारियों ने निर्माण शुरू करा दिया। नेता प्रतिपक्ष तिवारी ने आरोप लगाया कि, बिना सीमांकन के जल्दबाजी में नाला निर्माण किसी बड़े बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि किसके दबाव में काम कराया जा रहा है। आम जनता की मूलभूत समस्याओं को नजर अंदाज कर बिल्डरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। पानी नहीं, लेकिन नाला निर्माण कार्य तेजी से हो रहा आकाश तिवारी ने कहा कि शहर में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन नाला निर्माण के लिए दिन-रात अधिकारी लगाए गए हैं। इससे निगम की प्राथमिकताएं साफ नजर आती हैं। कांग्रेस नेता जयंत साहू ने आरोप लगाया कि ट्रिपल इंजन सरकार में आम जनता परेशान है, जबकि बड़े बिल्डरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी जमीनी हकीकत से दूर होकर केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।
<
