![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नकली सोने के बिस्किट के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, तिलकपुर (मुंगेली) निवासी प्रार्थी उमेन्द्र साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र साहू, सरोज साहू और उनके साथियों ने उन्हें सोने के बिस्किट मिलने का झांसा दिया और खरीदने के लिए कहा। आरोपियों ने पहले असली सोने का नमूना दिखाकर उमेन्द्र साहू को विश्वास में लिया। 5 दिसंबर 2025 को 10 लाख रुपए में 1 किलो सोना देने का सौदा तय हुआ। राशि लेने के बाद आरोपियों ने नकली सोने के बिस्किट थमा दिए। जांच कराने पर सोना नकली निकला। जब प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल किया और उन्हें धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपी नरेंद्र साहू और सरोज साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, फरार चल रहे आरोपी तेरसाराम प्रजापति (32 वर्ष), निवासी बोकरामुड़ा को मुखबिर की सूचना पर 1 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से कुछ नगदी रकम भी बरामद की गई।
<
