![]()
कोंडागांव जिले के कोंगेरा गांव में देवगुड़ी निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार शाम सेंट्रिंग हटाते समय छत ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छत की ढलाई के कुछ समय बाद नीचे लगी सेंट्रिंग हटाई जा रही थी। इसी दौरान पूरी संरचना अचानक गिर गई। मृतक की पहचान ग्राम अरण्डी निवासी लगभग 40 वर्षीय दुर्योधन सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सूचना मिलने पर कोंडागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर तकनीकी त्रुटि या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार व्यक्तियों का पता चल पाएगा।
<
